असम के मालीगांव इलाके में एक बड़ा रेल हादसा उस समय हुआ जब सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस रेलवे ट्रैक पर आ गए हाथियों से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेन का इंजन और उसके साथ 5 डिब्बे पटरी से उतर गए।
हालांकि इस गंभीर दुर्घटना के बावजूद राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सवार किसी भी यात्री की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लोको पायलट ने स्थिति को भांपते हुए समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
हादसे के तुरंत बाद यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन से बाहर निकाला गया और रेलवे की राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंच गई। दुर्भाग्यवश, इस हादसे में 8 हाथियों की मौत हो गई, जिससे वन्यजीव सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और प्रभावित ट्रैक पर मरम्मत का कार्य जारी है।






















